first_ad

Tuesday 4 April 2017

Satya Nadella Biography CEO of Microsoft



जन्म: 19 अगस्त 1967, हैदराबाद, आंध्र प्रदेश
कार्यक्षेत्र: वरिष्ठ आई.टी.एग्जीक्यूटिव, माइक्रोसॉफ्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सी.इ.ओ.)
नागरिकता: अमेरिकन
शिक्षा:  BS, MSCS, MBA
शिक्षण संस्थान: मनिपाल इंस्टिट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी, विस्कॉन्सिन विश्वविद्यालय (मिल्वौकी), बूथ स्कूल ऑफ़ मैनेजमेंट (शिकागो विश्वविद्यालय)
भारतीय-अमेरिकी सत्य नडेला विश्व की प्रमुख सॉफ्टवेयर कंपनी माइक्रोसॉफ्ट के प्रमुख कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) हैं। 4 फरवरी 2014 में उन्होंने माइक्रोसॉफ्ट के पूर्व सीईओ स्टीव बामर का स्थान लिया। सीईओ बनने से पहले वे माइक्रोसॉफ्ट के क्लाउड और एंटरप्राइज ग्रुप के एग्ज़ीक्युटिव वाइस प्रेजिडेंट थे। भारत में पैदा हुए और पले बढ़े सत्य नडेला वर्तमान में अमेरिकी नागरिक हैं। माइक्रोसॉफ्ट में आने से पहले सत्य नाडेला सुन माइक्रोसिस्टम्स में कार्य कर रहे थे। उन्होंने सन 1992 में माइक्रोसॉफ्ट ज्वाइन किया और कंपनी के लगभग हर एक महत्वपूर्ण डिवीज़न और पद पर कार्य किया।
प्रारंभिक जीवन
सत्य नारायण नाडेला का जन्म 19 अगस्त 1967 में हैदराबाद के एक तेलुगु परिवार में हुआ। उनके पिता बुक्कापुरम नाडेला युगांधर भारतीय प्रशासनिक सेवा में एक अधिकारी थे। सत्य नाडेला ने हैदराबाद स्थित बेगमपेट के हैदराबाद पब्लिक स्कूल से शिक्षा ग्रहण की। स्कूल पूरा करने के बाद उन्होंने मनिपाल इंस्टिट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी (मंगलोर यूनिवर्सिटी से सम्बद्ध) में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के लिए दाखिला लिया। उन्होंने सन 1988 में अपनी इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद सत्य नडेला अमेरिका चले गए जहाँ पर उन्होंने विस्कॉन्सिन विश्वविद्यालय (मिल्वौकी) में कंप्यूटर साइंस में एम.एस. करने के लिए दाखिला लिया। सन 1990 में उन्होंने ये डिग्री हासिल कर ली और उसके बाद शिकागो विश्वविद्यालय के बूथ स्कूल ऑफ़ मैनेजमेंट से एम.बी.ए. की पढ़ाई की।
नडेला को बचपन से ही चीजों को बनाने का शौक था और जैसे-जैसे वे बड़े हुए उनको ये पता चल गया कि उनका भविष्य कंप्यूटर साइंस में ही था पर मनिपाल इंस्टिट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी में वो मौका उपलब्ध नहीं था इसलिए उससे मिलता-जुलता विषय चुना जिसने उनके प्रिय विषय को समझने और जानने में मदद की।
करियर
अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद सत्य नाडेला ने सन माइक्रोसिस्टम्स में कंपनी के टेक्नोलॉजी टीम में काम किया। कुछ समय सन माइक्रोसिस्टम्स में कार्य करने के बाद उन्होंने सन 1992 में माइक्रोसॉफ्ट ज्वाइन कर लिया और तब से वे उसी के साथ हैं।
माइक्रोसॉफ्ट में करियर
सत्य नडेला ने सन 1992 में माइक्रोसॉफ्ट ज्वाइन किया और तभी से वे कंपनी के साथ जुड़े हैं। कंपनी के साथ इतने लम्बे वक्त तक जुड़े रहने के दौरान उन्होंने कई योजनाओं पर कार्य किया। माइक्रोसॉफ्ट में उनकी शुरुआत सर्वर ग्रुप से हुई थी। इसके बाद वे सॉफ्टवेयर डिवीज़न, ऑनलाइन सर्विसेज, रिसर्च एंड डेवलपमेंट, एडवरटाइजिंग प्लेटफार्म में कार्य किया और फिर मुखिया बनकर सर्वर डिवीज़न में वापस आ गए।
उन्होंने माइक्रोसॉफ्ट में क्लाउड कंप्यूटिंग का नेतृत्व किया और कंपनी को दुनिया के सबसे बड़े क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर में से एक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने ऑनलाइन सर्विसेज डिवीज़न में बतौर वरिष्ठ उपाध्यक्ष और माइक्रोसॉफ्ट बिज़नस डिवीज़न में बतौर उपाध्यक्ष कार्य किया। बाद में उन्हें कंपनी के 19 अरब अमेरिकी डॉलर ‘सर्विस एंड टूल’ व्यवसाय का अध्यक्ष बना दिया गया। उन्होंने कंपनी के इस डिवीज़न का स्वरुप परिवर्तित कर दिया। माइक्रोसॉफ्ट के डेटाबेस, विंडोज सर्वर और डेवलपर टूल्स को माइक्रोसॉफ्ट अज्योर क्लाउड प्लेटफार्म पर लाने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेत्रत्व में इस डिवीज़न का मुनाफा सन 2011 में 16.6 अरब अमेरिकी डॉलर से बढ़कर  सन 2013 में लगभग 20.3 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी बनने से पहले माइक्रोसॉफ्ट में अपने करियर के दौरान सत्य नडेला ने इन प्रमुख पदों पर कार्य किया:
  • सर्वर और टूल्स डिवीज़न के अध्यक्ष (फरवरी 2011 – फरवरी 2014)
  • ऑनलाइन सर्विसेज डिवीज़न में बतौर वरिष्ठ उपाध्यक्ष (मार्च 2007 – फरवरी 2011)
  • माइक्रोसॉफ्ट बिज़नस डिवीज़न के उपाध्यक्ष
  • बिज़नस सोल्युसंस एंड सर्च एंड एडवरटाइजिंग प्लेटफार्म के कॉर्पोरेट उपाध्यक्ष
  • क्लाउड और एंटरप्राइज प्रभाग के कार्यकारी उपाध्यक्ष
व्यक्तिगत जीवन

सत्य नडेला ने सन 1992 में अनुपमा से विवाह किया। अनुपमा सत्य के पिता के मित्र की पुत्री हैं। नडेला दंपत्ति के तीन संतान हैं – एक बीटा और दो बेटियां। सत्य अपने परिवार के साथ वाशिंगटन में रहते हैं।

नडेला को काव्य का बहुत शौक है और वे अमरीकी और भारतीय काव्य के उत्सुक पाठक हैं। उन्हें क्रिकेट का भी बहुत शौक है। वे अपने स्कूल क्रिकेट टीम का सदस्य भी थे। उन्होंने इस बात का भी जिक्र किया है कि क्रिकेट के खेल से उन्होंने नेतृत्व और आपसी सहयोग की भावना को सीखा है।

टाइम लाइन (जीवन घटनाक्रम)

1967: 19 अगस्त को हैदराबाद में जन्म हुआ
1988: सत्य नडेला ने अपनी इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की
1990: विस्कॉन्सिन विश्वविद्यालय (मिल्वौकी) में कंप्यूटर साइंस में एम.एस. किया
1992: माइक्रोसॉफ्ट ज्वाइन किया
1992: अनुपमा के साथ विवाह हुआ
2014: 4 फरवरी को माइक्रोसॉफ्ट का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सी.इ.ओ.) बनाया गया

No comments:

Post a Comment